लोकभवन, मुख्यमंत्री आवास, विधान भवन और सरकारी दफ्तरों के आसपास ड्रोन उड़ाने या शूटिंग करने पर रोक रहेगी.

UP MUHARRAM : उत्तरप्रदेश के सभी ज़िलों में मुहर्रम के जुलूस को लेकर अलर्ट जारी हो गया हैं. पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा के तहत प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं.
लखनऊ में संयुक्त पुलिस आयुक्त की ओर से आदेश में कहा गया है कि बिना इजाजत के पांच या इससे अधिक लोगों के एकत्रित होकर ग्रुप बनाने, जुलूस निकालने या सभा करने पर रोक रहेगी. यदि कोई धार्मिक आयोजन करना हो, भंडारा, जुलूस, चल समारोह, मजलिस, संगीत का कार्यक्रम आदि आयोजित करना हो, तो इसके लिए पहले अनुमति लेना आवश्यक होगा. रात में 12 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर का प्रयोग प्रतिबंधित है.
कई स्थानों पर धरना पर प्रतिबन्ध : लखनऊ में विधानसभा भवन और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैक्टर ट्रॉली, घोड़ा गाड़ी, ज्वलनशील पदार्थ एवं हथियार के साथ प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. शहर के लालबत्ती चौराहा, पार्क रोड, सिविल अस्पताल, अटल चौक, बंदरिया बाग, गोल्फ क्लब और कैसरबाग सहित अन्य किसी क्षेत्र में धरना या विरोध प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा.
राजधानी में लोकभवन, मुख्यमंत्री आवास, विधान भवन और सरकारी दफ्तरों के आसपास ड्रोन उड़ाने या शूटिंग करने पर रोक रहेगी. इसके साथ-साथ सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट शेयर करने, अफवाह और सांप्रदायिक तनाव पैदा करने वाला कंटेंट शेयर करने पर कार्रवाई की जाएगी.



